मोबाइल चलाने से मना करने पर दादा को काट डाला: पोती ने कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, बोली- डांट-फटकार से परेशान थी

बलौदाबाजार जिले में मंगलवार को मोबाइल चलाने से मना करने पर पोती ने दादा की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह पुलिस को गुमराह करती रही। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सारा सच उगल दिया। यह मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुरुषोत्तम यादव (50) अपनी दो पोती के साथ ग्राम अमेरा में रहता था। 12 अगस्त को घर पर उसकी खून से लथपथ लाश मिली थी। वह सब्जी बेचने का काम करता था। जबकि बेटा रायपुर में रहकर मजदूरी करता है।


जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, 9वीं क्लास में पढ़ने वाली पोती काफी ज्यादा समय तक मोबाइल चलाती थी। जिसे लेकर दादा उसे अक्सर डांटता था। घटना वाले दिन भी पोती कॉल पर किसी से बात कर रही थी, तो दादा ने उसे डांट दिया था। इससे नाराज होकर पोती ने हत्या की साजिश रची। छोटी बहन के स्कूल जाने के बाद उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
जमीन पर गिरते हो उसने ताबड़तोड़ वार किए। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद उसने स्कूल यूनिफॉर्म पहन लिया और लोगों को सूचना दी कि दादा की हत्या कर दी गई है।






