छत्तीसगढ़

मुर्गा-भात खाने वाले एक और शख्स की मौत, अब तक 3 की जान गई; परिजनों ने जहरीली शराब का लगाया आरोप

कोरबा। रजगामाल चौकी क्षेत्र के कोरकोमा गांव में मुर्गा-भात खाने और शराब पीने के बाद बीमार हुए एक और व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार को इलाज के दौरान राजाराम (52) ने दम तोड़ दिया। इससे पहले इसी मामले में रजमीन बाई (62) और जेल सिंह (27) की जान जा चुकी है।

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को एक पूजा-पाठ में परोसे गए मुर्गा-भात और महुआ शराब का सेवन रजमीन बाई, जेल सिंह, राजाराम, राजकुमार (58) और चमेली बाई (48) ने किया था। सभी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान पहले रजमीन और जेल सिंह की मौत हुई, जबकि मंगलवार को राजाराम का निधन हो गया। राजकुमार और चमेली बाई का उपचार अभी जारी है।

जहरीली शराब का आरोप
मृतक राजाराम की पत्नी शिवा बाई का कहना है कि उनके पति की मौत मुर्गा-भात से नहीं, बल्कि जहरीली महुआ शराब पीने से हुई है। उन्होंने दावा किया कि जेल सिंह ने मुर्गा-भात खाया ही नहीं था, केवल महुआ शराब पी थी, फिर भी उसकी मौत हुई।

पुलिस फूड प्वाइजनिंग बता रही
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस जहरीली शराब के पहलू को नजरअंदाज कर रही है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सही जांच से जहरीली शराब के रैकेट का खुलासा हो सकता है।

Related Articles

Back to top button