छत्तीसगढ़

CG में सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा: 100 करोड़ से ज्यादा का लेनदेन, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में सट्टेबाजी और फाइनेंस के काले कारोबार का नेटवर्क फैला हुआ है। आईपीएल सट्टेबाजी की आड़ में करोड़ों का खेल चलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस गिरोह में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई के सटोरिए भी शामिल हैं, जिन्हें रायपुर के कुख्यात सटोरिया अनिल आलू ने छत्तीसगढ़ में बुलाकर महादेव एप के जरिये पूरे प्रदेश में जाल बिछा रखा था।

पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर कोरबा ले आई है। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष उदासी (रायपुर), सौरभ नरेश मनुज (महाराष्ट्र), मधुर सेवल वलेचा (रायपुर), नारायण कुमार निषाद (रायपुर), कुलदीप सिंह (हरियाणा), टिकेंद्र मांडवी (दुर्ग), दिनेश दिलीप वासवानी (महाराष्ट्र) शामिल हैं।

महादेव एप के जरिये 100 करोड़ का लेनदेन
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों के बैंक खातों में महादेव एप से करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया गया है। जांच के आधार पर कुल 84 बैंक खातों को फ्रीज किया गया है।

गोवा से चल रहा था रैकेट का संचालन
गिरोह का मास्टरमाइंड प्रतीक विधवानी कोरबा का पुराना सटोरिया है, जो मोबाइल पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। उसके पास महादेव एप के एम-100 और एम-151 आईडी थे। पूछताछ में पता चला कि प्रतीक ने गोवा में ठिकाना बनाकर सट्टेबाजी का संचालन किया। अकेले उसके खाते से ही 1.70 करोड़ रुपये का लेनदेन सामने आया है।

सट्टेबाजों के ठिकानों पर छापे, भारी सामान जब्त
पुलिस ने गोवा और रायपुर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी कर 13 लैपटॉप, 48 मोबाइल, 26 बैंक पासबुक, 14 बैंक चेकबुक, 40 एटीएम कार्ड और करीब 25 लाख की सामग्री जब्त की।

रायपुर के कई इलाके बने सट्टेबाजी के गढ़
तेलघानी नाका, समता कॉलोनी, कबीरनगर जैसे इलाकों में परदेसियों के गिरोह का दबदबा है, तो वहीं कालीबाड़ी, बैजनाथपारा, कटोरातालाब पुराने सटोरियों के मुख्य अड्डे माने जाते हैं। वीआईपी रोड, तेलीबांधा और विशाल नगर जैसे पॉश इलाकों में भी हाईटेक सट्टा कारोबार चल रहा था।

कई राज्यों में पुलिस टीम रवाना
पुलिस ने बताया कि कई बैंक खाते दूसरे राज्यों के हैं। इस कारण पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में भी रवाना की गई हैं। मामले की जांच ईडी भी कर रही है।

अधिकारी बोले – किसी को बख्शा नहीं जाएगा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने कहा कि महादेव एप पर केंद्र सरकार की ओर से प्रतिबंध के बावजूद सट्टेबाजी चल रही थी। पूरे गिरोह के तार देशभर में फैले हैं। जल्द और गिरफ्तारियां होंगी।

Related Articles

Back to top button