चांपा में अवैध वसूली का गिरोह पकड़ाया: दो युवतियों समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 14 जुलाई। चांपा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध रकम वसूली करने आए दो युवतियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कोरबा से चांपा पहुंचा था और एक 18 वर्षीय युवक से 20 हजार रुपए की वसूली की फिराक में था।
कैसे हुआ खुलासा
थाना चांपा क्षेत्र निवासी युवक कुछ दिनों से परेशान था, ठीक से खाना नहीं खा रहा था और गुमसुम रहने लगा। जब परिजनों ने वजह पूछी तो युवक फूट-फूट कर रो पड़ा। उसने बताया कि मार्च 2024 में सोशल मीडिया पर कोरबा निवासी एक युवती से उसकी जान-पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने पर उसने युवती के कहने पर फोटो और वीडियो भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
युवक ने बताया कि आरोपियों ने उसे धमकाया कि 20 हजार रुपए दो, तभी फोटो-वीडियो डिलीट करेंगे। रकम नहीं देने पर बदनाम कर देंगे। 12 जुलाई को आरोपी युवक से पैसे लेने चांपा पहुंचे थे।






