चांपा पुलिस को बड़ी सफलता, धारदार हथियार से हमला कर फरार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। धारदार हथियार से हमला कर सात माह से फरार चल रहे आरोपी को चांपा पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकरण 16 जनवरी 2025 का है। प्रार्थी दिनेश केवट निवासी कवरपारा चांपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्तों के साथ हनुमान धारा पिकनिक मनाने गया था। शाम करीब 4 बजे आरोपी रंगचंद उर्फ राजा साहू (29 वर्ष), निवासी पुराना कॉलेज रोड चांपा ने प्रार्थी को पानी लाने के लिए कहा। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और हाथ मुक्कों से मारपीट करने के बाद धारदार वस्तु से गले के पास हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी को गंभीर चोटें आई थीं। उसके दोस्तों ने बीच-बचाव कर जान बचाई। इस पर चांपा थाना में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
हमले के बाद से ही आरोपी लगातार छुपता फिर रहा था। रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने मोहल्ले में चाकू लेकर घूम रहा है और लोग दहशत में हैं। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चाकू भी जब्त किया गया।






