ईरान ने फिर दागी मिसाइल, इजराइल के बीर्शेबा में धमाका; 6 घायल, अमेरिका ने जताई परमाणु हमले की आशंका

यरूशलेम/तेहरान। ईरान और इजराइल के बीच तनाव अब चरम पर पहुंच चुका है। शुक्रवार सुबह ईरान ने लगातार दूसरे दिन इजराइल के बीर्शेबा शहर पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक यह मिसाइल माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के नजदीक गिरी, जिससे आसपास खड़ी गाड़ियों में आग लग गई और कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। इस हमले में कम से कम 6 लोग घायल हुए हैं।
गुरुवार को भी बीर्शेबा शहर में एक अस्पताल को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया गया था, जिसमें 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। शुक्रवार के हमले के बाद बीर्शेबा की सड़कों और पार्किंग स्थलों पर तबाही का मंजर देखने को मिला। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है।
इस बीच न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट ने वैश्विक चिंता को और बढ़ा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका का मानना है कि ईरान अब परमाणु बम बनाने की पूरी क्षमता रखता है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को कहा कि अगर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई आदेश देते हैं, तो ईरान कुछ ही हफ्तों में परमाणु बम बना सकता है।






