22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शिवरीनारायण में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगी हर-हर शंभू फेम अभिलिप्सा पांडा एवं सारेगामा फेम शरद शर्मा

जांजगीर-चांपा 17 जनवरी 2024/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शिवरीनारायण में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने भगवान शिवरीनारायण मंदिर में आवश्यक व्यवस्थाओं सहित राम वन गमन परिपथ, मेला ग्राउंड में होने वाले भजन-कीर्तन की आवश्यक व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, बैरिकेटिंग, पेयजल, बिजली, प्रचार-प्रसार, मेला ग्राउंड में साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था आदि अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शिवरीनारायण में 22 जनवरी को होने वाले सांस्कृतिक एवं भजन कार्यक्रम में हर-हर शंभू फेम अभिलिप्सा पांडा एवं सारेगामा फेम शरद शर्मा शिरकत करेंगे।

कलेक्टर ने 21 एवं 22 जनवरी की शाम को शिवरीनारायण सहित जिले के विभिन्न मंदिरों में दीपोत्सव का आयोजन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मंदिर की साफ-सफाई, मंदिर के मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़क के दोनों ओर दुकानों के सामने अव्यवस्थित पार्किंग को सुगम बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री एसपी वैद्य जिला पंचायत सीईओ श्री आर. के. खुटे, एसडीएम श्री ज्ञानेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित कार्यक्रम से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।






