कोतवाली थाना का पुलिस अधीक्षक ने किया वार्षिक निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग और पारदर्शिता के दिए निर्देश

जांजगीर। नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने दिनांक 30 मई 2025 को कोतवाली थाना जांजगीर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में संधारित समस्त दस्तावेज, अभिलेख, रजिस्टर, आर्म्स-एम्युनिशन और जब्ती माल का अवलोकन कर उनके समुचित रख-रखाव के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने हेतु पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई के साथ बेहतर पुलिसिंग करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने महिला संबंधी अपराधों और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश देते हुए थाना क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन पेट्रोलिंग और रात्रिकालीन गश्त को अनिवार्य बताया। इसके अलावा संपत्ति से संबंधित अपराधों की रोकथाम पर भी बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बीट प्रणाली के तहत प्रत्येक बीट ग्राम का नियमित भ्रमण करने और साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए थाना स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।





