जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 18 सहित 133 वाहन चालक धराए, वसूला 56 हजार से अधिक जुर्माना

जांजगीर-चांपा: पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की है। सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक ही दिन में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 18 लोगों को पकड़ा गया है, जिनके वाहनों को जब्त कर धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इन सभी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, तेज गति से वाहन चलाने (ओवरस्पीडिंग), बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने, बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 133 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन सभी से कुल 56,700/- रुपए का समन शुल्क वसूला गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि मालवाहक गाड़ियों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले, तेज गति से वाहन चलाने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।






