छत्तीसगढ़

बलौदा: पेट्रोल डालकर कार और पिकअप के टायर जलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी महामाया में बीती रात एक व्यक्ति द्वारा कार, पिकअप, ठेला और मकान के छज्जे में पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना सामने आई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना 8 मई 2025 की दरम्यानी रात की है, जब आरोपी ने प्रार्थी फागुराम देवांगन के वाहन और मकान को नुकसान पहुंचाया। आगजनी की इस घटना में कार, पिकअप के टायर और तालपत्री जलकर खाक हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 183/25, धारा 326(जी) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपी ने किया अपराध स्वीकार

जांच के दौरान गवाहों के बयान और मौके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर 10 मई को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष तंबोली, उपनिरीक्षक राजेश कुमार साह, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव, आरक्षक युवराज सिंह और लखेश विश्वकर्मा का सराहनीय योगदान रहा।

बलौदा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button