छत्तीसगढ़

ट्रैक्टर शोरूम से 95 हजार की चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार — अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के जसमन ट्रैक्टर शोरूम से नगदी 95 हजार रुपए चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विजय कुमार साहू उर्फ भइया साहू (उम्र 33 वर्ष), निवासी अंधियारीपाठ वार्ड क्रमांक 19 अकलतरा को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह चोरी की घटना 13 अप्रैल की शाम 6 बजे से 14 अप्रैल की सुबह 9:30 बजे के बीच घटी थी। अज्ञात आरोपी ने शोरूम की अलमारी के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे 95,000 रुपये की नगदी उड़ा ली थी। मामले की रिपोर्ट प्रार्थी नरेन्द्र कश्यप, निवासी बलौदा द्वारा थाना अकलतरा में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 127/2025, धारा 305(ए) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, तथा SDOP प्रदीप सोरी के मार्गदर्शन में अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर विजय कुमार साहू को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने चोरी की संपूर्ण रकम ₹95,000 नगद बरामद कर ली है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button