छत्तीसगढ़

नौकरी लगाने के नाम पर 15 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, शिवरीनारायण पुलिस की त्वरित कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हाईकोर्ट छत्तीसगढ़, बिलासपुर में लिपिक और प्यून के पदों में नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से ठगी की थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रशांत उर्फ पप्पू उर्फ प्रशन्न कुमार डहरिया ने तुस्मा निवासी भरत लाल साहू सहित कई अन्य व्यक्तियों से मिलकर कुल 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। प्रार्थी की शिकायत पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 63/25, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध जांच शुरू की गई थी।

ठगी के इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक जयनंदन मार्बल, प्रधान आरक्षक तारिकेश पांडेय, आरक्षक रामगोपाल भारती, शिव कश्यप एवं आनंद राम साण्डे का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button