जादू टोना के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या, आरोपी ने नुकीली लकड़ी से फोड़ी आंखें, ईंट से कुचला सिर

बलरामपुर, 27 फरवरी – छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अंधविश्वास के चलते दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जादू टोना के शक में एक युवक ने बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने महिला की आंखें नुकीली लकड़ी से फोड़ दीं और सिर को ईंट-पत्थर से कुचल दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला?
मामला चांदो थाना क्षेत्र के नवाडीहकला गांव का है, जहां रहने वाली 65 वर्षीय तिलासो नाग की उसके ही गांव के बोडरा उर्फ रूपदेव नाग ने निर्मम हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी को शक था कि महिला काला जादू करती है, जिससे उसके दो बच्चों की मौत हो गई और तीसरा बच्चा आंखों से कमजोर हो गया। इसी अंधविश्वास के कारण आरोपी बदले की आग में जल रहा था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
कैसे दी वारदात को अंजाम?
बताया जा रहा है कि दो साल पहले आरोपी के बेटे की डूबने से और बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जबकि उसके तीसरे बच्चे की आंखों की रोशनी कमजोर हो गई। आरोपी को लगने लगा कि इस सबके पीछे मृतिका तिलासो नाग का हाथ है, जो काला जादू कर रही थी।
23 फरवरी की रात करीब 11 बजे, आरोपी को जानकारी मिली कि महिला की बेटी और दामाद अंबिकापुर गए हुए हैं और वह घर में अकेली है। इसी का फायदा उठाकर वह महिला के घर पहुंचा और “तूने मेरे परिवार पर जादू टोना किया है” कहते हुए हमला कर दिया।
आरोपी ने पहले ईंट और पत्थरों से महिला के सिर पर हमला किया, फिर नुकीली लकड़ी से उसकी आंखें फोड़ दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।






