छत्तीसगढ़

जांजगीर चांपा में मलबे में दबने से मिस्त्री की मौत:प्लास्टर करते वक्त छत पर गिरी बिजली, छत का हिस्सा टूटकर शख्स पर गिरा

जांजगीर-चांपा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से छत का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिससे मलबे में दबकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसा छज्जे पर प्लास्टर करने के लिए चढ़ते समय हुआ। घटना चांपा थाना क्षेत्र के सोनारिन मोहल्ला की है।

मिली जानकारी के अनुसार राजमिस्त्री का नाम श्याम चरण सूर्यवंशी (53) है, जो सुखरीकला का रहने वाला था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां से शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मकान निर्माण के दौरान प्लास्टर करने चढ़ा था राजमिस्त्री

पुलिस ने बताया कि गृहस्वामी अरुण कंसारी ने चांपा नगर सोनारिन घाट में मकान बनवाया था, जिसका लिंटर 2 दिन पहले ही ढलाई हुआ था। मंगलवार की शाम करीब 3 बजे राजमिस्त्री श्याम चरण सूर्यवंशी छज्जे पर प्लास्टर करने के लिए चढ़ा था।

मलबे में दबकर मिस्त्री की मौत

इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से छत का अगला हिस्सा टूट गया। यह वहां काम कर रहे मिस्त्री श्याम चरण सूर्यवंशी पर गिरा। मलबे में दबने से मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। मिस्त्री श्याम चरण सूर्यवंशी का शव वहां से नीचे उतारा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button