छत्तीसगढ़ के 2 मंदिरों से दान-पेटी सहित लाखों की चोरी:नहरिया बाबा-द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में चौथी बार घुसे चोर; CCTV में हुए कैद

जांजगीर-चांपा में चोरों ने दो मंदिरों दान-पेटी सहित करीब 3 लाख का सामान चोरी कर लिया। इनमें हनुमान जी का प्रसिद्ध मंदिर नहरिया बाबा और द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर शामिल हैं। खास बात यह है कि चोरों ने मंदिर को चौथी बार निशाना बनाया है। मंदिर में चोरी का CCTV फुटेज भी आया है।
जानकारी के मुताबिक, नैला क्षेत्र में हनुमान जी का मंदिर है। पुजारी ने बताया कि रविवार सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे। परिसर में रखी दान पेटियां गायब थीं। कमरे का भी ताला टूटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने पुलिस और मंदिर प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।

तीन दान पेटियां ले गए चोर
चोर मंदिर में रखी 3 दान पेटियां ले गए हैं। इसके अलावा अन्य सामान भी चोरी हुआ है। इसमें पुजारी का मोबाइल भी शामिल हैं। चोरी गए सामान में 35 हजार रुपए नगद सहित करीब 2.50 लाख रुपए का माल है। हालांकि दान पेटी में कितना कैश था, ये पता नहीं चल सका है।
चोरी का CCTV फुटेज मिला है। इसमें दिखाई दे रहा है कि दीवार कूदकर तीन चोर मंदिर के अंदर घुसे। चोर रेनकोट और नकाब पहने हुए थे। तीनों धीरे-धीरे मंदिर के अंदर घुसे और उसके बाद कैश और दान पेटी लेकर भाग निकले।

जहां दान पेटी, वहां कैमरे नहीं
सूचना मिलने पर पुलिस के साथ ही एसपी विवेक शुक्ला भी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान पता चला कि जहां पेटी रखी है, उस जगह में CCTV कैमरे नहीं लगाए गए थे। मंदिर परिसर में ही लगाए गए हैं। इसके पहले भी मंदिर परिसर में चौथी बार चोरी हो चुकी है।
CCTV कैमरे को ढंकने की कोशिश
पुलिस ने बताया कि, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों ने वारदात के दौरान CCTV कैमरे को ढंकने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। समिति के सदस्यों से पूछताछ कर जानकारियां जुटाई जा रही है।
नहर किनारे होने के कारण पड़ा नहरिया बाबा नाम
1984 में नैला में नहर निर्माण का काम चल रहा था। सिंचाई विभाग के शंकर लाल यादव वहां विभाग में चौकीदार थे। उन्हें रात में सपना आया कि रेल लाइन के किनारे हनुमान जी विराजमान हैं। नहर की खुदाई के समय हनुमान जी की प्रतिमा निकली।






