देश- विदेश

यूपी में डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 2 की मौत:एक्सीडेंट के पहले ड्राइवर ने सुनी धमाके की आवाज; 21 कोच पटरी से उतरे

यूपी के गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की 5 AC समेत 21 बोगियां पटरी से उतर गईं। इनमें 3 पलटी खा गईं। हादसे में 2 यात्रियों की मौत हो गई, 25 घायल हैं। वहीं, 2 यात्रियों के पैर कट गए। हालांकि मनकापुर SDM यशवंत कुमार ने पहले 5 यात्रियों की मौत की बात कही थी। 1 घंटे बाद उन्होंने 2 यात्रियों की मौत की पुष्टि की। ज्यादातर घायल यात्री AC कोच के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद यात्री खिड़की के कांच तोड़कर बाहर कूदे।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अफसर मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। SDRF टीम मौके पर है। ट्रेन के अंदर फंसे लोगों को बोगियां काट कर निकाला जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के CPRO पंकज कुमार ने बताया- लोको पायलट ने एक्सीडेंट के पहले धमाके की आवाज सुनी थी।

वहीं, रेल मंत्रालय ने मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है। गंभीर घायलों को ढाई लाख और मामूली घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। साथ ही मामले की हाई-लेवल जांच के आदेश दिए गए हैं।

ट्रेन (15904) चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही थी। हादसा झिलाही रेलवे स्टेशन के बीच गोसाई डिहवा में हुआ। हादसा स्थल की अयोध्या से इसकी दूरी 30 किमी और लखनऊ से 130 किमी है। गुरुवार को ट्रेन रात 11.39 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुई। दोपहर 2.37 बजे पलट गई।

Related Articles

Back to top button