81% लोग देश में एकसाथ चुनाव के पक्ष में:एक देश-एक चुनाव पैनल को 21 हजार सुझाव मिले, 17 दलों ने भी राय दी

देश के 81% लोगों ने एकसाथ चुनाव कराने के विचार पर सहमति जताई है। एक देश-एक चुनाव पैनल को देशभर से 21 हजार सुझाव मिले हैं। 17 राजनीतिक दलों ने भी इस पर राय दी है। कमेटी ने 46 दलों से राय मांगी थी। रविवार 21 जनवरी को एक आधिकारिक बयान में ये बात सामने आई है।
वन नेशन-वन इलेक्शन पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली कमेटी ने 5 जनवरी को एक नोटिस जारी किया था, जिसमें जनता से 15 जनवरी तक सुझाव मांगे गए थे। हालांकि, कांग्रेस और टीएमसी समेत कई विपक्षी दलों ने वन नेशन-वन इलेक्शन का विरोध किया है।
वन नेशन-वन इलेक्शन कमेटी ने रविवार 21 जनवरी को अपनी तीसरी बैठक की थी। कमेटी ने बैठक के बाद कहा, कुल मिलाकर 20,972 सुझाव मिले हैं। बैठक में गुलाम नबी आज़ाद, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, 15वें वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एनके सिंह, पूर्व लोकसभा महासचिव सुभाष सी कश्यप और पूर्व मुख्य सतर्कता अधिकारी शामिल हुए। बैठक में चुनाव आयोग के सुझावों को भी कमेटी ने नोट किया। अब 27 जनवरी को कमेटी की बैठक हो सकती है।






