छत्तीसगढ़

67 वर्षीय प्रेमी ने 30 वर्षीय प्रेमिका को चाकू से काटकर की हत्या

धमतरी। जिले के करेली बड़ी चौकी क्षेत्र में शनिवार को 67 वर्षीय प्रेमी ने अपनी 30 वर्षीय प्रेमिका पुष्पा मारकंडे की पीठ और पेट पर कई बार चाकू से वार कर हत्या कर दी। आरोपी जगन्नाथ मारकंडे, ग्राम हसदा का निवासी और पेशे से किसान, महिला पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक करता था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम पुष्पा अपने बच्चे को गोद में लेकर यात्री प्रतीक्षास्थल की ओर जा रही थी। इस दौरान जगन्नाथ पहले से चाकू लेकर घात लगाए खड़ा था। जैसे ही महिला वहां पहुंची, उसने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान बच्चा भी घायल हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दोनों को मगरलोड अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे का इलाज जारी है।

CSP रागिनी मिश्रा ने बताया कि महिला का पति पिछले एक साल से रायपुर जेल में बंद है। इसी दौरान महिला और जगन्नाथ के बीच संबंध बने। शक के चलते आरोपी ने यह वारदात अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 और 115(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button