छत्तीसगढ़

36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, जांजगीर-चांपा पुलिस ने गुड सेमेरिटन को किया सम्मानित

जांजगीर-चांपा, 31 जनवरी 2025 – जिले में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2025 का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान यातायात पुलिस जांजगीर-चांपा द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया था, जिसमें स्कूली बच्चों के लिए रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समापन कार्यक्रम में विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सड़क पर घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन (अच्छे मददगारों) को हेलमेट वितरित कर सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।

बाइक रैली से हुआ था शुभारंभ

नए साल की शुरुआत के साथ ही कलेक्टर श्री आकाश छिकारा (IAS) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देश पर 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आगाज बाइक रैली के माध्यम से किया गया था। पुलिस नियंत्रण कक्ष से शुरू हुई इस रैली में अधिकारी और कर्मचारीगण दोपहिया वाहनों पर हेलमेट पहनकर सड़कों पर निकले और लोगों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने के लिए प्रेरित किया।

सड़क सुरक्षा अभियान का मुख्य उद्देश्य

भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा हर साल जनवरी महीने में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है, लेकिन इस बार इसे पूरे माह तक मनाया गया। इसका उद्देश्य वाहन चालकों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना था। इस अभियान के तहत यातायात पुलिस ने जिले के स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों और राष्ट्रीय व राज्य मार्गों के किनारे बसे गांवों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया।

Related Articles

Back to top button