छत्तीसगढ़

कोरबा में युवक को नग्न कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल; पुलिस तक नहीं पहुंची शिकायत

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी कावेरी विहार कॉलोनी में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को नग्न कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जाता दिख रहा है। हालांकि, इस गंभीर मामले में अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक की पहचान अमरदास के रूप में हुई है, जो कावेरी विहार कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी कॉलोनी के अधिकारियों के घरों में साफ-सफाई का काम करती है।

बताया जा रहा है कि अमरदास शराब का आदी है। घटना वाले दिन वह नशे की हालत में अपने एक परिचित की बाइक लेकर शराब पीने चला गया था। वह वापस तो लौटा, लेकिन बाइक साथ नहीं लाया। आरोप है कि उसने बाइक को बेच दिया।

बाइक मालिक ने की बेरहमी से पिटाई
बाइक वापस नहीं मिलने पर वाहन मालिक ने अमरदास की जमकर पिटाई कर दी। उसे कपड़े उतरवाकर नग्न कर दिया गया और कॉलोनी की सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को बचाने की कोशिश की।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। युवक खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागता नजर आया। कॉलोनी के कुछ लोगों ने उसे वहां से हटने के लिए भी कहा।

एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा मामला
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button