राजनांदगांव लोकसभा सीट पर वोटिंग जारी:टेड़ेसरा बूथ पर भूपेश बघेल से धक्कामुक्की; सुबह 11 बजे तक 32.99 प्रतिशत मतदान

छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए राजनांदगांव लोकसभा में शुक्रवार 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेता समेत 19 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। राजनांदगांव लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी संतोष पांडेय ने अपना वोट डाल दिया है।
संतोष पांडेय अपनी पत्नी के साथ कवर्धा के सहसपुर लोहारा स्थित बूथ क्रमांक 374 में पहुंचे। स्वामी आत्मानंद स्कूल में बनाए पोलिंग बूथ पर वोट देने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल उनके लिए कोई चुनौती नहीं हैं।

कवर्धा में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी मतदान कर दिया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर जीत का दावा किया। पूर्व CM रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह ने कवर्धा में मतदान किया। राजनांदगांव में सुबह 9 बजे तक 14.59 प्रतिशत और सुबह 11 बजे तक 32.99 प्रतिशत मतदान हुआ।

वहीं राजनांदगांव सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल, महासमुंद सीट से ताम्रध्वज साहू खुद को भी वोट नहीं डाल सकेंगे। भूपेश बघेल पाटन और ताम्रध्वज साहू दुर्ग ग्रामीण के मतदाता हैं।

राजनांदगांव में टेड़ेसरा बूथ पर भूपेश बघेल से धक्का-मुक्की
राजनांदगांव शहर के लखोली स्थित मतदान केंद्रों पर कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने पहुंचकर लोगों से मुलाकात की। वहीं टेड़ेसरा बूथ पर उनके साथ धक्कामुक्की होने के बाद बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
बैगा बहुल क्षेत्र चिंयाडाड़ मतदान केंद्र से 100 मीटर पहले हाईटेंशन वायर के नीचे कांग्रेस ने पंडाल लगाकर रखा था। उसी दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गया है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कांग्रेसियों को हाईटेंशन तार के नीचे पंडाल लगाने से मना भी किया था।

ससुराल जाने से पहले दुल्हन ने किया मतदान
कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत खम्हरिया गांव में युवती पूजा चंद्राकर की शादी मुंगेली जिले के लगरा गांव के युवक रमा चंद्राकर से 26 अप्रैल को संपन्न हुई। सात फेरों के बाद युवती की विदाई हुई, लेकिन दुल्हन ने घर से निकलकर रास्ते में मतदान केंद्र पर डोली को रुकवा दिया। दुल्हन ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए जागरूकता का परिचय दिया। दूल्हा-दुल्हन को शादी के जोड़े में मतदान करने आया देखकर गांव के लोगों ने उनकी बहुत सराहना की।

राजनांदगांव में गुरुनानक स्कूल स्थित वार्ड 23 के बूथ क्रमांक 43 में वीवीपैट मशीन में खराबी आने से कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हो गया था।







