नक्सली के जेब से मिले नोटों के दो बंडल:पोस्टमार्टम के दौरान मिले कैश और हथियार, लाखों में हो सकती है रकम

कांकेर के हापाटोला में मारे गए इनामी नक्सली के जेब से पोस्टमार्टम करते समय नोटों के बंडल मिले हैं। 16 अप्रैल को जवानों ने हापाटोला के जंगल मे 29 नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए नक्सलियों में 8 लाख का इनामी नक्सली शंकर राव भी शामिल था।
दरअसल, डीवीसी मेंबर शंकर राव परतापुर एरिया कमेटी में सक्रिय होकर काम करता था। 17 अप्रैल को 29 नक्सलियों का पोस्टमार्टम किया गया। जब शंकर राव का डॉक्टर पोस्टमार्टम कर रहे थे तब उसके पेंट के जेब से नोटों के बंडल मिले। नोटों के बंडल के साथ साथ पॉकेट में हथियार भी मिले हैं।
रिपोर्ट और सामान पुलिस को सौंपे जाएंगे
पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टरों की टीम ने नोटों के बंडल, हथियार और कारतूस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अटैच कर रख दिया है। जल्द ही रिपोर्ट और बरामद किए गए सामान पुलिस को सौंपे जाएंगे।
रकम की गिनती नहीं की गई
कांकेर एसपी आईके एलिसेला ने बताया कि शंकर राव के पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को कुछ कैश और हथियार मिले हैं। डॉक्टरों की सूचना पर सामानों को जब्त कर सील किया गया है। अभी रकम की गिनती नहीं की गई है। रकम लाखों में हो सकती है। दो नोटों की बंडल सील की गई है।

परतापुर एरिया कमेटी का हुआ सफाया
बता दें कि जिस इलाके में मुठभेड़ हुई है वहां परतापुर एरिया कमेटी अंतर्गत बड़गांव, मेढ़की और परतापुर एलओएस काम करता है। तीनों एलओएस के अलावा अन्य जगह से भी बड़े नक्सली जुटे थे। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में अधिकांश परतापुर एरिया कमेटी के सदस्य हैं।
2 नक्सलियों के अलावा इनकी पहचान नहीं हो पाई है। माना जा रहा है इस मुठभेड़ में परतापपुर एरिया कमेटी का पूरी तरह सफाया हो गया।
पुलिस और नक्सलियों के बीच चली थी 5 घंटे तक मुठभेड़
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 16 अप्रैल को पुलिस और नक्सलियों के बीच करीब साढ़े 5 घंटे तक मुठभेड़ हुई थी। इसमें DRG और BSF के जवानों ने नक्सलियों के ठिकाने में घुसकर उनके 29 नक्सलियों को मार गिराया था। मुठभेड़ के वक्त नक्सली दोपहर का खाना खाकर बेफिक्र होकर बैठे थे और इनका कमांडर शंकर राव मीटिंग लेने की तैयारी कर रहा था।






