छत्तीसगढ़

सिगरेट-गुटखा के पैसे मांगने पर बुजुर्ग दुकानदार से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दुकानदार से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुडपार निवासी सुशील पाण्डेय (70 वर्ष) ने थाना सारागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे गांव के ही आनंद उर्फ पप्पू सूर्यवंशी, अविनाश सूर्यवंशी और विक्की सूर्यवंशी उसकी दुकान पर आए और सिगरेट व गुटखा मांगा। सामान देने के बाद जब बुजुर्ग दुकानदार ने पैसे मांगे तो तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि आरोपियों ने दुकान का दरवाजा लात मारकर खोल दिया और अंदर घुसकर बुजुर्ग दुकानदार के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की शिकायत पर सारागांव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 331(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. आनंद उर्फ पप्पू सूर्यवंशी (25 वर्ष)

  2. अविनाश सूर्यवंशी (25 वर्ष)

  3. विक्की सूर्यवंशी (21 वर्ष)
    सभी निवासी ग्राम मुडपार, थाना सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक महेश केवट, आरक्षक दीपक एवं गोवर्धन टाइगर का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button