नगर पालिका कर्मचारियों के वेतन से हर माह कट रही राशि,लेकिन खाते में नहीं हो रही जमा
नगर पालिका परिषद में पिछले दो वित्तीय वर्ष में कर्मचारियों के ईपीएफ व जीपीएफ में घोटाला किया है। यहां कार्यरत 100 दैनिक वेतन भोगी व 35 नियमित कर्मचारियों के वेतन से प्रति माह ईपीएफ, जीपीएफ व ईएसआईसी के लिए हर माह राशि काटी गई, लेकिन काटी गई राशि उनके एकाउंट में जमा नहीं कराई गई। इससे कर्मचारियों को दोहरा नुकसान हो रहा है, न तो उन्हें राशि मिल पा रही है, न ही उससे मिलने वाला ब्याज ही कर्मचारियों के खाते में आ पाएगा।
नगर पालिका परिषद अकलतरा में 35 नियमित कर्मचारी हैं, उनके अलावा 100 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी कार्यरत हैं। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवा प्लेसमेंट एजेंसी से ली जाती है, लेकिन वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल 2021 से वित्तीय वर्ष 31 मार्च 2023 यानी दो साल की इसी अवधि में किसी प्लेसमेंट एजेंसी से काम नहीं लिया गया, बल्कि इस अवधि में नगर पालिका कर्मचारियों को पेमेंट कर रही थी। ईपीएफ, जीपीएफ काटकर जमा करने की जिम्मेदारी भी नगर पालिका की थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं है। पैसे काटे गए पर जमा नहीं किए गए। राशि संबंधित विभाग में जमा नहीं होने से नगर पालिका में कार्यरत कर्मचारियों को ईपीएफ, जीपीएफ , ईएसआईसी व परिवार कल्याण योजना का लाभ नहीं मिलने के साथ-साथ कर्मचारी की मौत होने के साथ-साथ कर्मचारी के रिटायरमेंट होने पर राशि को पाने के लिए परिजनों के नगर पालिका परिषद कार्यालय का कई बार चक्कर काटने के बाद भी राशि नहीं मिल रही है। विगत 2 वर्षों की राशि नगर पालिका परिषद द्वारा क्यों जमा नहीं कराई गई, इसका स्पष्ट जवाब स्थापना शाखा प्रभारी ने नहीं दिया है, वहीं सीएमओ सौरभ तिवारी ने खुद को अवकाश में बताकर कुछ भी कहने से मना कर दिया।
एक साल बाद भी भुगतान नहीं नगर पालिका परिषद में दैनिक वेतन भोगी के रूप में युवक नितेंद्र राणा पदस्थ था। 19 फरवरी 2022 को सड़क दुर्घटना में युवक की मौत होने के बाद ईपीएफ व ईएसआईसी की राशि का भुगतान नगर पालिका परिषद द्वारा आज तक परिजनों को नहीं किया गया। ईएसआईसी की राशि प्रतिमाह जमा नहीं नगर पालिका कार्यालय में पदस्थ दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी योगेंद्र रत्नाकर नगर पालिका में वाहन चालक था। उसकी तबीयत अचानक खराब होने से परिजन इलाज के लिए बिलासपुर के प्रायवेट अस्पताल ले गए। ईएसआईसी की राशि नगर पालिका परिषद द्वारा प्रतिमाह जमा नहीं करने पर ईएसआईसी योजना से उसका इलाज नहीं हो सका। परिजनों ने लाखों रुपए खर्च करके वाहन चालक का इलाज स्वयं कराया, लेकिन तबीयत गंभीर होने पर वाहन चालक की दो माह पूर्व मौत हो गई। मृत वाहन चालक के परिजन ईपीएफ व ईएसआईसी की राशि पाने नगर पालिका परिषद का चक्कर काट रहे हैं। चलने में दिक्कत फिर भी काट रहे चक्कर नगर पालिका परिषद कार्यालय में उमाशंकर साहू नियमित कर्मचारी के रूप में पदस्थ थे 30 नवंबर 2023 को कर्मचारी नगर पालिका से सेवानिवृत हो गया। रिटायर होने के 2 माह बाद भी कर्मचारी जीपीएफ, अर्जित अवकाश व अन्य राशि का भुगतान नगर पालिका परिषद नहीं कर रही है। कर्मचारी को चलने फिरने में तकलीफ होने के बाद भी 2 महीने से नगर पालिका कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं।
दो साल से सामने आ रही ऐसी परेशानी ^नगर पालिका के नियमित व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के दो वर्ष की राशि जमा नहीं होने से परेशानी आ रही है। ईपीएफ, ईएसआईसी, जीपीएफ एवं परिवार कल्याण निधि विभाग को पत्र लिखते हुए मांग पत्र मंगवाया गया है। मांग पत्र प्राप्त होने पर संबंधी विभाग के खातों में तत्काल राशि को जमा कराई जाएगी। – देव कुमार निर्मलकर, स्थापना शाखा प्रभारी नगर पालिका परिषद अकलतरा






