निलंबित IAS रानू साहू की बढ़ी मुश्किलें: तुलसी गांव स्थित मकान-फॉर्म हाउस और दुकान की करेगी PWD जांच

रायपुर। निलंबित IAS अफसर रानू साहू की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब रायपुर के तुलसी गांव स्थित उनके मकान, फॉर्म हाउस और दुकान की जांच लोक निर्माण विभाग (PWD) करेगा। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने PWD मुख्यालय से इसकी रिपोर्ट मांगी है। जिसके बाद PWD मुख्यालय ने रायपुर संभाग क्रमांक-2 को जांच का जिम्मा सौंपा है।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
जांच टीम यह पता लगाएगी कि फॉर्म हाउस और मकान का निर्माण कब हुआ और उस पर कितना खर्च हुआ है। इसके साथ ही भवन में लगे दरवाजे, खिड़की, फॉल सीलिंग, प्लाई वर्क, इंटीरियर डेकोरेशन, प्लंबर वर्क, बाउंड्री वाल फेंसिंग और लॉन पर वर्तमान समय के आधार पर अनुमानित लागत का आकलन किया जाएगा।
अगर मकान कृषि भूमि पर बना है तो टीम यह भी देखेगी कि क्या इसके लिए गांव के सरपंच से अनुमति ली गई थी या नहीं। मूल्यांकन शुरू करने से पहले पीडब्ल्यूडी अफसर पंचनामा भी तैयार करेंगे। जांच टीम अगले एक-दो दिनों में कार्रवाई शुरू करेगी।
किस जमीन पर बना है मकान
जानकारी के अनुसार तुलसी गांव की कृषि भूमि पर खसरा नंबर 398/1 रकबा 0.1410 हेक्टेयर, खसरा नंबर 407/1 रकबा 0.0710 हेक्टेयर और खसरा नंबर 407/2, 407/3 रकबा 0.4100 हेक्टेयर में मकान का निर्माण किया गया है। यह संपत्ति अरुण कुमार साहू और लक्ष्मी साहू, निवासी पांडुका, छुरा, गरियाबंद के नाम पर दर्ज है।
ED और EOW की कार्रवाई
गौरतलब है कि रानू साहू को ED ने डीएमएफ और कोल स्कैम मामले में 22 जुलाई 2023 को गिरफ्तार किया था। इस प्रकरण के बाद EOW ने भी इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।






