छत्तीसगढ़

मुख्यधारा की ओर बड़ा कदम: सरेंडर नक्सली आज देखेंगे छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही

रायपुर। माओवादी विचारधारा छोड़ने के बाद आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सली आज पहली बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से देखेंगे। सरेंडर नक्सली आज छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही के साक्षी बनेंगे, जिसे पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इससे पहले गुरुवार रात प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अपने निवास पर सरेंडर नक्सलियों से मुलाकात की। इस दौरान उनके स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया और फूलों से अभिनंदन किया गया।

प्रश्नकाल में उठेंगे अहम मुद्दे

आज सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े सवाल उठाए जाएंगे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से उनके विभागों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

विधायक पूछेंगे विभागीय योजनाओं का हिसाब

विधायक पुन्नुलाल मोहले फसल उत्पादन और परीक्षण में हुए खर्च को लेकर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगेंगे।
वहीं कुंवर सिंह निषाद घुमंतू पशुओं के रख-रखाव के लिए चलाई जा रही योजनाओं और खर्च की स्थिति पर सवाल करेंगे।
इसके अलावा विधायक संगीता सिन्हा बजट में शामिल कार्यों की वित्तीय स्वीकृति को लेकर जवाब मांगेंगी।

लोकतंत्र को समझने का अवसर

सरेंडर नक्सलियों के लिए यह विधानसभा भ्रमण लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने और मुख्यधारा से जुड़ने की दिशा में एक अहम अनुभव माना जा रहा है। सरकार इसे पुनर्वास नीति के मानवीय और सकारात्मक पहलू के रूप में देख रही है।

Related Articles

Back to top button