छत्तीसगढ़

भीषण सड़क हादसा: 3 की मौत, तेज रफ्तार बनी वजह

रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंगपुर टोल नाका के पास रात करीब 1:30 बजे की है, जहां तेज रफ्तार मिनी हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान भागवत राम साहू (65), सुमित यादव (19) और दीपक पटेल (22) ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button