छत्तीसगढ़

जांजगीर–चांपा पुलिस का महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जन जागरूकता अभियान, भांठापारा मोहल्ले में आयोजित कार्यक्रम

जांजगीर–चांपा। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रजत जयंती के द्वितीय दिवस के अवसर पर इसी क्रम में जांजगीर क्षेत्र के भांठापारा मोहल्ले में महिला सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में CSP जांजगीर योगिता बाली खापर्डे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं युवतियों को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा अभियानों के उद्देश्य और महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन अभियानों का मुख्य लक्ष्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनों एवं सुरक्षा उपायों से अवगत कराना है, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें और किसी भी अपराध के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठा सकें।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा, गुड टच–बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई। साथ ही महिलाओं को पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112 की जानकारी दी गई और छेड़छाड़, पीछा करने एवं साइबर अपराध जैसी समस्याओं से निपटने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

CSP जांजगीर ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी स्कूलों, कॉलेजों तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लगातार आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने, अपराधों पर अंकुश लगाने और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष जांजगीर–नैला रेखा गढ़वाल, भाजपा महिला अध्यक्ष उमा सोनी, मोहल्ले की महिलाएं एवं युवतियां, महिला प्रधान आरक्षक निशा पाण्डेय, अनुका तिर्की तथा महिला आरक्षक शालिनी सूर्यवंशी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button