छत्तीसगढ़

कोर्ट में लंबित मामला बना हिंसा की वजह, बहन-बेटी ने बर्तन-डंडों से बरपाया कहर

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीन विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। जरहाभाठा कस्तूरबा नगर निवासी संतोष यादव के घर में उसकी सौतेली बहन अंजली यादव अपने पति आशीष यादव और अन्य परिजनों के साथ घुस गई और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर कुकर, पाइप, लकड़ी और डंडों से घर के सदस्यों को पीटते नजर आ रहे हैं। इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, संतोष यादव का अपनी बहन अंजली और उसके दामाद आशीष यादव से पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अंजली यादव अपने पति और अन्य रिश्तेदारों के साथ संतोष यादव के घर पहुंची। पहले तो गाली-गलौज हुई, उसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया।

हमलावरों ने घर में रखे बर्तन, पाइप और डंडों से हमला कर घर के सदस्यों को घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

Related Articles

Back to top button