जांजगीर-चांपा में सनसनी: लापता लिपिक की सड़ी-गली लाश मिली, हत्या की आशंका

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के Janjgir Champa जिले में लापता लिपिक की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के नरियरा गांव का है, जहां शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामकुमार निर्मलकर के रूप में हुई है, जो 13 अप्रैल को घर से तालाब में नहाने के लिए निकले थे। उस समय तालाब के पास उनकी साइकिल और कपड़े मिले थे, जिसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
गुमशुदगी के बाद अब मिला शव
परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मुलमुला थाने में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसी दौरान 26 अप्रैल को उनकी सड़ी-गली लाश बरामद हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
हत्या की आशंका, हाथ बंधे मिले
पुलिस के मुताबिक शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत खराब होने के कारण यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या कई दिन पहले की गई होगी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।






