छत्तीसगढ़

सड़क हादसे में घायल को देख स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने रुकवाया काफिला, मदद के लिए भेजा अस्पताल लेकिन नहीं बच सकी जान

कोरबा। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। घटना उस समय हुई जब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रायपुर से अपने गृह जिले मनेन्द्रगढ़ जा रहे थे। रास्ते में उन्हें एनएच मुख्य मार्ग पर खून से लथपथ एक युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। मंत्री ने तुरंत अपने काफिले को रुकवाया और घायल युवक को अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बिलासपुर-कटघोरा एनएच सड़क पर रात करीब 9 बजे हुआ। पाली फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के चौराहे पर एक तेज रफ्तार कार ने होरी होडा डीलक्स बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर घसीटता चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसी समय से गुजर रहे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घायल युवक को देखा और बिना समय गंवाए उसे अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। हालांकि, डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राम अवतार जगत के रूप में हुई है, जो पाली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में लिपिक के पद पर कार्यरत था और पोलमी का निवासी था। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोटिया टोल प्लाजा में उसकी गाड़ी को रोककर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button