छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा: स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

नैला। 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2025 के तहत सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल नैला में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों की महत्ता बताई गई।
कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नो-पार्किंग में वाहन न खड़ा करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही, नाबालिगों को वाहन न देने और मोबाइल फोन के उपयोग से बचने के निर्देश दिए।
इस जागरूकता पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।






