छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश-बिजली का कहर: सरगुजा में आकाशीय बिजली से 2 बच्चों समेत 3 की मौत, बिलासपुर में कार पर गिरा पेड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के साथ ही बारिश और आकाशीय बिजली का कहर भी देखने को मिल रहा है। सरगुजा जिले के डुमकी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सागर (5), रानी (9) और रामसाय (36) आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, श्रद्धा (12) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

इधर, बिलासपुर में सोमवार शाम आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान कलेक्टर बंगले के पास एक बड़ा पेड़ कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार सवार सुरक्षित बच गए। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

मौसम विभाग ने 1 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई है। अगले एक सप्ताह तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

Related Articles

Back to top button