छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा पुलिस का जन-जागरूकता अभियान: “लड़कों को पराठा और लड़कियों को कराटे आना चाहिए” – CSP योगिताबाली खापर्डे

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा महिला जन-जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में पामगढ़ स्थित विद्या निकेतन मॉडल कॉन्वेंट एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “वर्तमान समय में लड़कों को पराठा बनाना और लड़कियों को कराटे आना बेहद जरूरी है।” उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन भविष्य की नींव होता है, ऐसे में बच्चों को बहकावे से दूर रहकर लक्ष्य तय कर आगे बढ़ना चाहिए।

CSP ने नाबालिग बच्चों के घर छोड़कर भागने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने मोबाइल फोन के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने और साइबर अपराध से निपटने के लिए पुलिस हेल्पलाइन एवं साइबर शिकायत प्रणाली की जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button