चांपा में बारात के दौरान युवक की हत्या, पुलिस ने 8 आरोपियों को पकड़ा, शहर में निकाला जुलूस

चांपा, 19 फरवरी: शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि युवक रामधन पटेल (24) की जान चली गई। चांपा पुलिस ने इस हत्या के मामले में 6 आरोपियों और 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद अपराधियों के हौसले पस्त करने और शहर में कानून का डर बनाए रखने के लिए पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला।
कैसे हुआ विवाद?
घटना 16 फरवरी 2025 की रात चांपा के ज्ञान गंगा स्कूल के पास भैंसा बाजार में हुई। मोहन केवट की शादी में नाचने के दौरान आरोपियों का मृतक रामधन पटेल और साहिल पटेल से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि मनोज उर्फ गोलू माझी और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल रामधन और साहिल को पहले जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 18 फरवरी की सुबह रामधन की मौत हो गई।
आरोपियों पर कसा शिकंजा
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया, जबकि 2 नाबालिगों को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेजा गया।
आरोपियों के नाम:
- लेढू उर्फ श्रवण यादव (18)
- दिगम्बर बरेठ (20)
- मनोज उर्फ गोलू माझी (23)
- सागर यादव (19)
- चंद्रकांत पटेल (20)
- चंद्रप्रकाश यादव (22)
(सभी आरोपी चांपा के रहने वाले हैं)






