छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में महिला सुरक्षा की नई पहल: चारपारा में 60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चारपारा में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 60 महिलाओं की महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें थाना प्रभारी बलौदा मनोहर सिन्हा स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों और महिलाओं से संवाद कर उन्हें समाज में सुरक्षा और जागरूकता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।

महिला सुरक्षा और जागरूकता पर जोर
गठित महिला कमांडो टीम में गांव की सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया है। टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाना और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने टीम के सदस्यों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए बताया कि वे समाज में नशे और अपराध के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी करेंगी।

टोपी और सीटी का वितरण
महिला कमांडो टीम की पहचान और कार्य में सुविधा के लिए सभी सदस्यों को टोपी और सीटी वितरित की गई। इससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों के बीच आसानी से पहचानी जा सकेंगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

Related Articles

Back to top button