छत्तीसगढ़

मां का दर्द: मृत बच्चे को सीने से लगाकर भटकती रही लंगूर, भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक लंगूर मां अपने मृत बच्चे को गोद में लेकर घंटों तक भटकती रही। यह दृश्य देखने वालों की आंखें नम कर गया, वहीं इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बंदर के बच्चे की मौत कैसे हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

यह घटना बुधवार (25 मार्च) शाम की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लंगूर मां फॉरेस्ट ऑफिस के पास स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म की दीवार पर बैठी है और अपने मृत बच्चे को सीने से लगाकर इधर-उधर घूम रही है। कभी वह दीवार पर बैठ जाती तो कभी बच्चे को गोद में लेकर चलने लगती।

मौत का कारण स्पष्ट नहीं
बंदर के बच्चे की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। हालांकि स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बच्चे की मौत करंट लगने से हो सकती है। वन विभाग इस मामले की जांच में जुटा हुआ है।

झुंड ने भी जताया शोक
घटना के दौरान वहां बड़ी संख्या में अन्य लंगूर भी मौजूद थे। सभी एक ही दीवार पर शांत बैठे नजर आए। लोगों का मानना है कि वे अपने तरीके से मृत बच्चे का शोक मना रहे थे। यह दृश्य मानव और जानवरों के भावनात्मक संबंधों की गहराई को दर्शाता है।

वन विभाग ने शुरू की तलाश
रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि घटना की जानकारी देर से मिली। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर लंगूर की तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। रात होने के कारण वह संभवतः किसी अन्य स्थान पर चला गया। अगले दिन सुबह भी आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की गई।

भावनाओं ने छुआ दिल
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मां का ममत्व केवल इंसानों तक सीमित नहीं है। जानवरों में भी अपने बच्चों के प्रति उतनी ही गहरी भावनाएं होती हैं, जो इस मार्मिक दृश्य में साफ झलकती हैं।

Related Articles

Back to top button