रेलवे स्टेशन पर प्रेमी जोड़ा 6 लाख के गांजा के साथ गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गुढ़ियारी थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में एक प्रेमी जोड़े को करीब 6 लाख रुपये के गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर स्थित पार्किंग में एक महिला और पुरुष के बैग में गांजा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा ने टीम को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद गुढ़ियारी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध महिला और पुरुष को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम राजेंद्र प्रसाद और हेमलता कैवर्त्य बताया।
पुलिस ने जब उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में गांजा भरा हुआ मिला। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे एक-दूसरे के प्रेमी-प्रेमिका हैं और ओडिशा के खरियार रोड से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।






