थाना परिसर में चोरी: भानुप्रतापपुर थाने से लैपटॉप गायब, महत्वपूर्ण अपराध रिकॉर्ड हुए चोरी
कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर थाना भवन में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर थाना परिसर से एक लैपटॉप चुराकर फरार हो गया, जिसमें पिछले तीन वर्षों की अपराध विवेचना का महत्वपूर्ण डेटा दर्ज था।
प्रधान आरक्षक नरोत्तम लाटिया ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी है। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई की रात 9:30 बजे उन्होंने अपना लैपटॉप टेबल के दराज में सुरक्षित रखा था। लेकिन जब 4 जुलाई की सुबह 8:45 बजे वापस आए तो लैपटॉप वहां से गायब मिला।
लापता लैपटॉप में वर्ष 2022 से 2025 तक अपराधों की विवेचना से जुड़े दस्तावेजों के अलावा कई महत्वपूर्ण फाइलें और निजी जानकारियां भी संग्रहीत थीं। चोरी का मामला तब सुर्खियों में आया जब प्रधान आरक्षक की शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
इस घटना ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस विभाग में ही चोरी होने से कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने चोर की तलाश शुरू कर दी है और थाने के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्द खुलासा करने का भरोसा जताया है।






