खपरी डबल मर्डर का 48 घंटे में खुलासा, चोरी की नीयत से घुसे आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति की कर दी हत्या

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 की सुबह गांव में रहने वाले 70 वर्षीय संतराम साहू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी श्यामबाई साहू का शव घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की नीयत से बुजुर्ग दंपति के घर में घुसे थे। इसी दौरान संतराम साहू के जागने पर आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर जागी उनकी पत्नी श्यामबाई पर भी आरोपियों ने बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी।
मुख्य साजिशकर्ता सुरेंद्र यादव को पहले से जानकारी थी कि दंपति घर में अकेले रहते हैं और उनके पास पैसे व गहने हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने गजेंद्र दिनकर के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। वारदात के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए नकली बाल और मास्क का इस्तेमाल किया था।
घटना के बाद आरोपियों ने महिला के गहने लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी गजेंद्र दिनकर को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, सोने का हार, चांदी की पायल और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
इस पूरे मामले में थाना मुलमुला और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई से इस दोहरे हत्याकांड का जल्द खुलासा हो सका। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।






