जांजगीर-चांपा: फेसबुक पर “लड़की” बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख की ठगी का खुलासा, प्रेरणा मिली ड्रीम गर्ल 2 से

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में एक ऐसा आरोपी पकड़ा है, जिसने फेसबुक पर लड़की का प्रोफाइल बनाकर एक व्यक्ति से लगभग 25 लाख रुपये की ठगी की। हैरानी की बात यह है कि इस अपराध की प्रेरणा आरोपी को ड्रीम गर्ल 2 मूवी से मिली थी।
मामले का खुलासा:
आरोपी करण साहू निवासी भाठापारा, थाना भाठापारा, जिला बलौदा बाजार ने फेसबुक पर लड़की का प्रोफाइल बनाकर प्रार्थी दीपक से संपर्क किया। उसने सुहानी बातें कर और अपनी मां, पिता व बहन के स्वास्थ्य और शिक्षा के नाम पर पैसे मांगकर प्रार्थी को फंसाया। आरोपी ने विभिन्न फोन नंबरों से व्हाट्सएप चैटिंग करके प्रार्थी से पैसा लिया।
जैसे ही प्रार्थी के पास पैसे खत्म हो गए और उसने देने से इनकार किया, तब उसे ठगी का पता चला। जांच में सामने आया कि “लड़की” वास्तव में लड़का करन साहू थी।
पुलिस कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में SDOP अकलतरा श्री प्रदीप सोरी की टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जुआ खेलने का आदि है और ड्रीम गर्ल फिल्म देखकर ठगी करने और पैसा कमाने का आइडिया आया। ठगी किए गए पैसे का कुछ हिस्सा जुआ में हार गया, जबकि कुछ खर्च में चला गया। आरोपी ने ठगी के पैसों से पल्सर मोटरसाइकिल खरीदी थी।






