जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता : मंदिर चोरी की वारदात का खुलासा, तीन नाबालिग चोर पकड़ाए, ₹9030 नगद और मोटरसाइकिल जब्त

जांजगीर-चांपा, 28 अगस्त 2025। थाना चांपा क्षेत्र के सिद्धि विनायक मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से तीन विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता पाई है। आरोपियों के कब्जे से ₹9030 नगद रकम और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11BE 7795) जब्त की गई है।
सूचक अतुल शर्मा निवासी शंकर नगर, चांपा ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अगस्त की रात 10:20 बजे उसके पिता ने सिद्धि विनायक मंदिर का दरवाज़ा बंद कर ताला लगाया था। 28 अगस्त की सुबह 6 बजे जब वे मंदिर पहुंचे तो देखा कि अज्ञात चोर मंदिर के स्टील दरवाज़े पर बने स्वास्तिक चिन्ह को तोड़कर अंदर घुसे और दान पेटी में रखी रकम चोरी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) ने तत्काल सख्त निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना चांपा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने CCTV फुटेज खंगाला और शक के आधार पर दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने तीसरे साथी के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।






