जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने बरामद किए 110 गुम मोबाइल, 12 लाख रुपये की कीमत के

जांजगीर-चाम्पा: पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (भा.पु.से.) के नेतृत्व में जिले की पुलिस ने “हमर पुलिस हमर संग” अभियान के तहत जांजगीर-चाम्पा और आसपास के जिलों से गुम हुए 110 मोबाइल बरामद किए हैं। इन मोबाइल की कीमत करीबन 12 लाख रुपये है। बरामद मोबाइलों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। अपने मोबाइल पाकर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
CEIR पोर्टल से मिली सहायता
पुलिस के अनुसार, नागरिकों द्वारा गुम हुए मोबाइल की शिकायत साइबर सेल को दी गई थी। इसके बाद भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने खोजबीन की और कुल 110 मोबाइल बरामद किए। जांजगीर-चाम्पा के अलावा, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, रायपुर, दुर्ग, सक्ती सहित अन्य जिलों से गुम हुए मोबाइलों को भी इस अभियान के तहत ढूंढा गया।
साइबर टीम की तकनीकी सहायता
सायबर सेल की टीम ने तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करते हुए गुम मोबाइल धारकों से संपर्क किया। कई मामलों में, मोबाइल धारक खुद से भी मोबाइल को कुरियर के जरिए भेजने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने बरामद मोबाइलों में से चोरी के मोबाइलों पर वैधानिक कार्यवाही भी की है।
महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने जनता को साइबर क्राइम और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया और मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग के तरीके साझा किए।






