छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा पुलिस ब्रेकिंग: एसपी विजय कुमार पाण्डेय का तूफानी दौरा, स्वच्छता अभियान से लेकर नशा मुक्ति तक जनजागरूकता

जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय व विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने शनिवार 04 जनवरी 2026 को जिले का तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता, नशा मुक्ति और सामुदायिक पुलिसिंग का संदेश दिया।

दिन की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने जिला कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के साथ शिवरीनारायण पहुंचकर आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। शिवरीनारायण नदी घाट की साफ-सफाई करते हुए उन्होंने आमजन को स्वच्छता का महत्व समझाया। इस मौके पर एसपी ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है।

इसके पश्चात एसपी ने थाना पामगढ़ क्षेत्र के चंडीपारा पहुंचकर सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत महिला कमांडो का गठन किया। इसके बाद ग्राम कुरियारी में नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अपने तूफानी दौरे के क्रम में पुलिस अधीक्षक बलौदा क्षेत्र के जूनाडीह एवं पतोरा भी पहुंचे, जहां विशेष सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, सुरक्षा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों को कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। साथ ही आमजन की समस्याएं सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। एसपी ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता मिलकर अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव एवं थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी सहित पुलिस अमला उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button