जांजगीर-चांपा : 6 वारदातों का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: लूट, डकैती और जानलेवा हमले का आरोपी पकड़ाया

जांजगीर-चांपा। जिले में लूटपाट, डकैती और जानलेवा हमलों की सिलसिलेवार घटनाओं में शामिल मुख्य आरोपी रामनाथ गोंड उर्फ रामनाथ सबरिया (23) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राहौद थाना क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही 7 आरोपी और 2 विधि से संघर्षरत बालक पकड़े जा चुके हैं। गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिल से सुनसान रास्तों पर घूमते थे और राहगीरों को रोककर लोहे की रॉड, पाइप और डंडों से हमला कर मोबाइल और नकदी लूट लेते थे।
बताया जा रहा है कि 29 जनवरी 2026 की रात शिवरीनारायण क्षेत्र के कचंदा गांव के पास नहर किनारे तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। वहीं 27 जनवरी को पामगढ़ क्षेत्र में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई।
मुख्य आरोपी को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से स्टील पाइप और 5 लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।






