जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में चुनाव:7 मई को करीब 20 लाख 52 हजार मतदाता डालेंगे वोट;8 विधानसभा क्षेत्र में 2,212 पोलिंग बूथ
जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होना है, जिसमें 8 विधानसभा क्षेत्र जांजगीर, अकलतरा, पामगढ़, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, बिलाईगढ़ और कसडोल शामिल हैं। यहां कुल 2,212 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
8 विधानसभा क्षेत्र में कुल 20 लाख 52 हजार 067 और थर्ड जेंडर के 27 वोटर्स हैं। वहीं आदर्श आचार संहिता लगते ही राजनीतिक दल के बैनर-पोस्टर्स और वॉल पेंटिंग को पोता जा रहा है। जिले के सीमा क्षेत्र में पुलिस की चेक पोस्ट बनाई जाएगी। कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये जानकारी दी है।
4 जून को मतगणना
कलेक्टर आकाश छिकारा ने बताया कि 12 अप्रैल को नाम निर्देशन का काम शुरू होगा। 19 अप्रैल को नाम निर्देशन की अंतिम तारीख है। 20 अप्रैल को स्क्रूटनी और 22 अप्रैल को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख होगी। 7 मई को वोटिंग और 4 जून को मतगणना होगी।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की कलेक्टर ने ली बैठक
जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। कलेक्टर ने बताया कि अब रैली, जुलूस और अन्य कार्यक्रमों के लिए अनुमति लेनी होगी। प्रचार-प्रसार सामग्री में मुद्रक प्रकाशक और संख्या का जिक्र किया जाना भी जरूरी है। साथ ही राजनीतिक दलों को सुविधा एप की जानकारी भी दी गई।
हटाए गए बैनर-पोस्टर्स, मिटाई गई वॉल पेंटिंग
आदर्श आचार संहिता लागू होते ही जांजगीर-चांपा जिले के नगरीय निकायों और जनपद पंचायत क्षेत्र में सम्पत्ति विरूपण अधिनियम (Defacement of Property Act) के तहत कार्रवाई की गई। शासकीय और सार्वजनिक जगहों पर लगाए गए पोस्टर-बैनर्स और वॉल पेंटिंग को भी मिटाया गया है।

सुरक्षा को लेकर बॉर्डर पर बनाए जाएंगे चेक पोस्ट
एसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर जांजगीर जिले के सीमा क्षेत्र में चेक पोस्ट बनाए जाएंगे, जहां पुलिस जवान तैनात रहेंगे। गाड़ियों की चेकिंग की जाएगी। मौके पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
2,212 पोलिंग बूथों पर रहेगी वोटर्स के लिए बेहतर व्यवस्था
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि जिले में 2,212 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। जिले के 3 विधानसभा क्षेत्र अकलतरा में 235 बूथ, पामगढ़ में 214, जांजगीर-चांपा में 220 बूथ हैं। सक्ती जिले के 3 विधानसभा क्षेत्र सक्ती में 235, जैजैपुर में 270, चंद्रपुर में 260 पोलिंग बूथ हैं।
वहीं बलौदाबाजार जिले के कसडोल विधानसभा में 402 बूथ और सारंगढ़ जिले के बिलाईगढ़ में 376 बूथ मिलाकर कुल 2 हजार 212 मतदान केंद्र हैं। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में कुल 20 लाख 52 हजार 067 वोटर हैं, जिनमें पुरुष वोटर 10 लाख 30 हजार 282 और महिला वोटर 10 लाख 21 हजार 754 हैं।
18 से 19 साल के 67 हजार 362 वोटर्स
आठों विधानसभा क्षेत्र में 18 से 19 साल के 67 हजार 362 वोटर्स हैं। इनमें थर्ड जेंडर के 27 वोटर्स हैं। सभी पोलिंग बूथ पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर और रैम्प की व्यवस्था की जाएगी। स्काउट गाइड के जवानों को तैनात किया जाएगा, जो दिव्यांगों को मतदान केन्द्र तक लेकर जाएंगे। जांजगीर-चांपा जिले में संवेदनशील पोलिंग बूथ नहीं होने की जानकारी दी गई है।






