जांजगीर-चांपा: 2 बहनों में झगड़ा…पिता ने एक बेटी को मार डाला:छत्तीसगढ़ में खिलौने के लिए लड़ने पर बेल्ट, लात-घूंसों से पीटा, दूसरी बच्ची घायल

जांजगीर-चांपा में शनिवार दोपहर 2 बहनों में खिलौने को लेकर झगड़ा होने पर पिता ने एक बेटी को पीट-पीटकर मार डाला। मारपीट से एक बेटी की हालत नाजुक है। घायल बच्ची को बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला चांपा थाना क्षेत्र के मिशन फाटक भोजपुर का है।
मिली जानकारी के मुताबिक पिटाई से अलीशा परवीन (8) की मौत हुई है। दूसरी बच्ची अलीना परवीन (9) का बीडीएम अस्पताल में इलाज जारी है।

दोनों बेटियों को बेरहमी से पीटा
पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी पिता सलमान उर्फ डिशान अली (35) गाड़ी मेकैनिक है। वह अपनी 2 बेटी अलीशा और अलीना के साथ रहता है। शनिवार दोपहर दोनों बहन झगड़ रहे थे, जिससे पिता गुस्से में दोनों बेटियों को बेरहमी से पीटने लगा।
बेटियों को हाथ-मुक्के और बेल्ट से पीटा
पड़ोसियों ने बताया कि सलमान ने बेटियों को हाथ-मुक्के और बेल्ट से पिटाई की है। दोनों के शरीर में चोट के निशान पड़ गए हैं। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों बहनों की हालत गंभीर थी, जिन्हें तत्काल BDM अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में दूसरी बेटी दर्द से तड़प रही
इस दौरान डॉक्टर ने जांच के बाद बड़ी बेटी अलीशा परवीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बेटी दर्द से तड़प रही थी। डॉक्टर्स और पड़ोसियों ने घटना की जानकारी चांपा पुलिस को दी। पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
मामले में SDOP यदुमणी सिदार ने बताया कि आरोपी पिता सलमान के बारे में पूछताछ में पता चला कि सनकी किस्म का आदमी है। आरोपी पिता को पुलिस ने मिशन फाटक से हिरासत में लिया है। उससे मामले की पूछताछ की जा रही है।






