जांजगीर-चांपा: पुरानी रंजिश में चाचा ने भतीजे की उंगली दांत से काटी, आरोपी गिरफ्तार

Janjgir-Champa। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुड़गा में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक चाचा ने अपने ही भतीजे पर हमला करते हुए उसकी उंगली दांत से काट दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार यादव (30 वर्ष) मजदूरी के सिलसिले में Azamgarh गया हुआ था। 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे वह गांव लौटकर अपनी दादी से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान उसका चाचा रवि यादव पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अचानक हमला कर अमित के दाहिने हाथ की इंडेक्स उंगली को दांत से काट दिया, जिससे उंगली अलग हो गई। गंभीर हालत में घायल युवक ने थाना पामगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रवि यादव (35 वर्ष) निवासी डुड़गा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351 (3) और 118 (2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी और उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।






