जांजगीर-चांपा: पुरानी रंजिश में मारपीट और धमकी देने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना सारागांव पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते अश्लील गाली-गलौच, लोहे के धारदार कत्ते से डराने-धमकाने और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का कत्ता बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- दुर्गेश कुमार विजेन्द्र (उम्र 25 वर्ष)
- राजकुमार सूर्यवंशी (उम्र 25 वर्ष)
- विनोद कुमार सूर्यवंशी (उम्र 28 वर्ष)
(सभी निवासी पचोरी, थाना सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा)
क्या है पूरा मामला?
थाना सारागांव क्षेत्र के पचोरी गांव निवासी राधेश्याम सारथी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 7 मार्च की रात करीब 9 बजे जब वह अपने घर के सामने खड़ा था, तभी आरोपी दुर्गेश, राजकुमार और विनोद वहां आए और पुरानी रंजिश को लेकर अश्लील गाली-गलौच करने लगे।
जब राधेश्याम ने इसका विरोध किया, तो दुर्गेश कुमार सूर्यवंशी ने लोहे का धारदार कत्ता लहराकर धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, राजकुमार और विनोद ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर सारागांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 28/25 धारा- 296, 115(2), 351(3), 3(5) BNS, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी और उनकी टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।






