सुकमा में 33 लाख के ईनामी समेत 20 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 9 महिलाएं भी शामिल

सुकमा। जिले में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को कुल 20 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 9 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। सरेंडर करने वालों में 1 एसीएम, 4 पार्टी सदस्य और 15 अग्र संगठन सदस्य हैं। विशेष रूप से इनमें एक महिला हार्डकोर नक्सली भी शामिल है, जो PLGA बटालियन में सक्रिय थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर कुल 33 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इनमें से 2 नक्सलियों पर 8-8 लाख, 1 पर 5 लाख, 4 पर 2-2 लाख और अन्य 4 नक्सलियों पर 1-1 लाख का इनाम था।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के कारण नक्सलियों पर दबाव बढ़ा। साथ ही सरकार की पुनर्वास नीति और नियद नेल्ला नार योजना से प्रभावित होकर उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
प्रशासन ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया।






